जबलपुर। मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर से सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां एक युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि मृतक अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रहता था। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।यह पूरी घटना गढ़ा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, चंदन कॉलोनी के गंगानगर के पास एक युवक की लाश मिली है। शख्स के सिर पर पत्थर मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पत्नी ने थाने में जाकर सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान केसी सेन के नाम से हुई है। वह अपनी पत्नी के साथ चंदन कॉलोनी में किराए के मकान से रह रहा था।हत्या किसने की है, इसकी जानकारी अब तक नहीं मिली है। स्थानीय निवासी चंकी श्रीवास्तव ने बताया कि आज सुबह शव देखा जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मृतक इलाके में करीब तीन महीने से किराए पर रह रहा था। फिलहाल गढ़ा थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। इलाके में रहने वाले आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।