गणतंत्र दिवस 2026 के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सरस्वती शिशु मंदिर, मोतीनगर ने नगर में प्राप्त किया प्रथम स्थान

 




गणतंत्र दिवस 2026 के गौरवशाली अवसर पर सागर नगर के पीटीसी ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय सांस्कृतिक समारोह में सरस्वती शिशु मंदिर, मोतीनगर, सागर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नगर स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

इस भव्य समारोह में विद्यालय के लगभग 350 विद्यार्थियों ने “जयतु जय भारतम्” गीत पर सामूहिक नृत्य की अनुशासित, प्रभावशाली एवं भावपूर्ण प्रस्तुति दी। नृत्य के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, एकता और सामूहिक समन्वय का ऐसा सशक्त प्रदर्शन हुआ कि संपूर्ण वातावरण देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया।

प्रस्तुति की उत्कृष्ट गुणवत्ता, मंचीय अनुशासन तथा विद्यार्थियों के अद्भुत तालमेल को ध्यान में रखते हुए निर्णायक मंडल द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर, मोतीनगर को नगर स्तर पर प्रथम स्थान प्रदान किया गया।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल द्वारा, विधायकगण, महापौर, जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारीगण तथा हजारों विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति में, मंच से विद्यालय को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय समिति से अध्यक्ष श्री मनोज डेंगरे, कोषाध्यक्ष श्री राजकमल केसरवानी, सचिव श्री आकाश मिश्रा, समिति सदस्य श्री सुनील सागर,
सागर जिला विभाग समन्वयक श्री राजकुमार ठाकुर,
विद्यालय के प्राचार्य श्री विनोद दुबे, प्रधानाचार्य श्री मनीष खरे,
आचार्यगण, अभिभावकगण एवं सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे।

पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट निरंतर गूंजती रही। दर्शक प्रस्तुति से अंत तक जुड़े रहे और विद्यार्थियों के अनुशासन, परिश्रम एवं समर्पण की सर्वत्र सराहना की गई।

विद्यालय ने नगर में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अनुशासनात्मक परंपरा को सशक्त रूप से स्थापित किया और नगर का मान बढ़ाया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!